'नीतीश-निशांत होशियार रहें, दो लोग आपस में मिले हुए हैं, जदयू को खा जाएंगे', लालू यादव के करीबी की सलाह
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी सियासी संग्राम के बीच लालू प्रसाद यादव के करीबी भाई बीरेंद्र ने अपने बयान से सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। आरजेडी विधायक ने पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत को दो लोगों से सचेत रहने को कहा है।

बिहार की 8 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू के भीतर चल रही खींचतान ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग जारी है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी सियासी संग्राम के बीच लालू प्रसाद यादव के करीबी भाई बीरेंद्र ने अपने बयान से सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। आरजेडी विधायक ने पार्टी सुप्रीमो नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत को दो लोगों से सचेत रहने को कहा है।
मनेर से आरजेडी विधायक भाई बीरेंद्र ने जेडीयू में मचे घमासान पर बड़ा बयान दिया है। भाई बीरेंद्र ने कहा कि पार्टी के भीतर सेंध लग चुकी है और आने वाले समय में इसका क्या अंजाम होगा, यह देखने वाली बात होगी। उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते हैं लेकिन पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी है। जनता दल नीतीश, जो लोग कहते थे उनमें से एक इधर है और एक उधर है, लेकिन दोनों आदमी का एक ही लक्ष्य है और वह है जेडीयू को तोड़ना।
आरजेडी विधायक भाई बीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार से आग्रह करेंगे की वह होशियार हो जाएं। जैसे देहातों में चौकीदार लोगों को जगाते थे वैसे ही नीतीश कुमार और निशांत कुमार जाग जाएं और अपनी पार्टी की रक्षा करें। दोनों आदमी आपस में मिले हुए हैं और जेडीयू को खाने वाले हैं। उन्होंने निशांत कुमार को भी आगाह करते हुए कहा कि वह जागते रहें और अपनी पार्टी की रक्षा करें। उनका इशारा किन दो नेताओं की तरफ है, इसे लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि माना जा रहा है कि आरजेडी विधायक का सीधा इशारा ललन सिंह और संजय झा की तरफ था।
बता दें कि पटना स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह खुलकर अपनी ही पार्टी जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन की घोषणा कर चुके हैं। पार्टी ने विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी है। दूसरी ओर, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा लगातार संगठन की तरफ से स्थिति संभालते नजर आ रहे हैं। ललन सिंह ने कहा कि तमाम विवाद के बावजूद उन्होंने अनंत सिंह से आग्रह किया है कि अब नीरज कुमार को लेकर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दें। ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह ने उनकी बात मान ली है।
वहीं इस विवाद को लेकर जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता ललन सिंह से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने का आग्रह किया गया था। ललन सिंह ने मामले में कार्रवाई करते हुए विवाद सुलझाने की दिशा में रास्ता निकाला। बता दें कि बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।













