मेहमानजी गेस्ट हाउस में ऐसी मेहमानवाजी, हुआ खुलासा तो लोग हो गये हैरान, पुलिस जांच में जुटी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 23, 2026, 6:59:00 PM

शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित मेहमानजी गेस्ट हाउस में छापा मारकर पुलिस कथित रूप से सेक्स रैकेट का खुलासा किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। 

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मेहमानजी गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद सहरसा सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गेस्ट हाउस के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई। इस दौरान एक लगभग 40 वर्षीय महिला सहित चार युवकों को हिरासत में लिया गया। छापेमारी अभियान में सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं एफएसएल टीम घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर रही है, जिनकी वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं, हालांकि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट