सहरसा : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर विद्युत विभाग ने सुरक्षा एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सहरसा के विद्युत कार्यपालक अभियंता इंजीनियर अमित कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे बिजली के खंभों, तारों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति की जांच की।
घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि घाटों के आसपास लटकते एवं क्षतिग्रस्त बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। विद्युत उपकरणों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
अमित कुमार ने कहा- छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब व अन्य जलाशयों के किनारे अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं
कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के किनारे अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में विद्युत सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और घाटों सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे, इसके लिए विभाग पूरी तरह सजग है। उन्होंने अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को पर्व के दौरान मुस्तैद रहने, विद्युत संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने व किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।
विद्युत विभाग ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ घाटों पर बिजली के खंभों, तारों व ट्रांसफॉर्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
वहीं, विद्युत विभाग ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ घाटों पर बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफॉर्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बिजली के खंभों एवं तारों के आसपास कपड़े या सजावटी सामग्री नहीं बांधें। किसी भी तरह की विद्युत समस्या या खतरे की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग ने छठ महापर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट