सहरसा : कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त कोसी' अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा के नेतृत्व और निगरानी में चल रहे इस अभियान में आम लोगों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। आम जनता से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में भारी मात्रा में अवैध शराब, गांजा, स्मैक समेत अन्य नशीले पदार्थ और वाहनों की बरामदगी की गई है। इस दौरान कुल 105 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
अवैध शराब के मामले में 85 व सूखा नशा से संबंधित मामलों में 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन अक्टूबर से नौ अक्टूबर 2026 के बीच चलाए गए अभियान में कुल 1275.555 लीटर अवैध शराब, 283.65 किलोग्राम गांजा, 187.66 ग्राम स्मैक, 0.296 लीटर अवैध कफ सिरप और 58 एमएल नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले 12 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन और एक नाव भी जब्त की गई। अवैध शराब के मामले में 85 और सूखा नशा से संबंधित मामलों में 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरवरी से अब तक 2343 तस्कर गिरफ्तार
नशा मुक्त कोसी अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। तब से लेकर अब तक तीनों जिलों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4,317.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 7,260.705 किलोग्राम गांजा, 8,284.552 ग्राम स्मैक और 13,042 एमएल नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 325 नशीली टैबलेट और एक पैकेट सिरिंज भी जब्त की गई है। अभियान के दौरान हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। इनमें विदेश निर्मित दो पिस्टल, एक पिस्टल, छह देशी कट्टा, एक देशी मरकट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में इस्तेमाल किए जाने वाले 92 मोबाइल फोन, 35 चारपहिया वाहन, दो नाव और एक ट्रक भी जब्त किया है। इसके अतिरिक्त 61 लाख 63 हजार 252 रुपए भारतीय मुद्रा और 27 हजार 570 रुपए नेपाली मुद्रा बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान तीन पासबुक, एक एटीएम कार्ड, लोहे की एक भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू भी जब्त किए गए हैं। अभियान के तहत अब तक कुल 2343 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हेल्पलाइन पर सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा की ओर से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है। इस नंबर पर आम लोग कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से नशे से संबंधित जानकारी दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात कही गई है। हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस उप-महानिरीक्षक की निगरानी में कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाले नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देते समय अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्ति का नाम, पता और कारोबार किए जाने वाले स्थान की जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है। संभव होने पर संबंधित गतिविधियों के फोटो और वीडियो भी साझा किए जा सकते हैं।
पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाने में आम जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है
पुलिस के अनुसार, जिन लोगों की सूचना के आधार पर उल्लेखनीय सफलता मिलेगी, उन्हें पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाने में आम जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने में आगे आएं और नशामुक्त कोसी क्षेत्र के निर्माण में सहयोग करें।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट