राजधानी पटना से दिल दहला देने वाली खबर है। यहां एक युवक का हाथ ट्रेन की चपेट में आने से कट गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि युवक गंभीर हालत में कटे हुए हाथ को लेकर ही अस्पताल चला गया। अब तक की जानकारी के अनुसार युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के बाढ़ दानापुर मंडल रेल खंड के अथमल गोला और बाढ़ रेलवे स्टेशन के बीच अचूआरा हाल्ट के पास एक युवक डाउन रेलवे लाइन के पास गंभीर हालत में गिरा पड़ा हुआ था। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का एक हाथ कट गया गया था।
मिली खबर के अनुसार गंभीर हालत में ट्रेन की पटरी पर पड़ा युवक कराह रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर युवक पर पड़ी। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी 112 को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के साथ उसके कटे हुए हाथ को लेकर पुलिस बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में पहुंची, जहां उसकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड में एडमिट किया गया।
युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। इधर अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए युवक को एम्बुलेंस से पटना मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस चालक, मरीज के साथ गार्ड की डिमांड करते नजर आए। अंत में गार्ड नहीं मिलने पर पटना के लिए रवाना किया गया।