पिछले कई दिनों से राज्य सरकार के रडार पर चल रहे आदर्श केंद्रीय कार, बेउर के अधीक्षक नीरज कुमार झा के ऊपर सरकार की गाज गिर गई है। सम्राट सरकार ने नीरज कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राज्य सरकार की इस कार्रवाई को बडी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारे में हडकंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सम्राट सरकार ने केंद्रीय आदर्श कारा, बेउर के अधीक्षक नीरज कुमार झा तत्काल प्रभाव निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि इनके उपर संगठित गिरोह चलाने का आरोप लगा था। जाँच के दौरान सभी आरोप सही पाये गये थे। ज्ञात हो कि पिछले शनिवार को ही कारा प्रशासन और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बेउर जेल में छापेमारी की थी। छापेमारी में कई अनियमितताएं पाई गई थी। इनमें वार्डों में अवैध रूप से मेस का संचालन तथा हीटर का प्रयोग किया जाना सामने आया था, साथ ही साथ कैंटीन में एमआरपी से ज्यादा दर पर सामग्री को उपलब्ध कराने, मेन्यू के अनुसार जेल के बंदियों को भोजन नहीं दिए जाने के साथ ही अवैध वसूली की भी जानकारी सामने आई थी। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार की रडार पर चल रहे बेउर जेल के कई अधिकारियों और कर्मियों पर गाज गिर सकती है। सरकार अपने सख्त रवैये को आगे भी जारी रख सकती है।
बता दें कि भ्रष्टाचार को लेकर सम्राट सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाने की बात कई मंचों से कही है। मुख्यमंत्री कई बार यह कह चुके हैं कि राज्य सरकार लोगों की सुविधा के लिए कार्य कर रही है। भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिली खबर के अनुसार निलंबित जेल अधीक्षक का मुख्यालय सेंट्रल जेल भागलपुर रहेगा।
पटना से राजन कुमार की रिपोर्ट