राजधानी से बड़ी खबर है। यहां बेलगाम अपराधियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन की चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था को आइना दिखा दिया है। मिली खबर के अनुसार बेलगाम अपराधियों ने पहले बाइक पर जा रही एक लडकी को निशाना बना कर गोली चलाया। लडकी जब बच गयी, तब अपराधियों ने उसे एक टेलर दुकान से बाहर खींचकर गोली मार दी। सरेआम घटी इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ स्थित एक टेलर दुकान में रविवार को दो युवकों ने एक लड़की को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गयी। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि रविवार को एक रैपिडो बाइक पर सवार होकर एक नाबालिग लडकी अपने घर लौट रही थी। इसी क्रम में लडकी को निशाना बनाते हुए बाइक पर सवार अपराधियों ने फायर कर दिया। हालांकि इस दौरान लडकी झुक गयी और गोली बाइक चला रहे रैपिडो कैप्टन के कमर में जा लगी। गोली लगते ही बाइक चला रहा युवक जख्मी होकर गिर पडा। इधर बाइक चला रहे युवक के गिरने के बाद पीछे बैठी लडकी बदहवासी में एक टेलर दुकान के अंदर घुस गयी। लडकी के पीछे पीछे दोनों बदमाश भी पहुंच गये। उन्होंने दुकान से बाहर खींचकर लडकी को गोली मार दी और वहां से फरार हो गए। लडकी का घर आरपीएस मोड ही बताया जा रहा है।
इस पूरी घटना के बाद स्थानीय थाने की पुलिस हरकत में आयी। पुलिस के अनुसार दानापुर थाने की पुलिस को सूचना मिली कि एक लड़की को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस को घटनास्थल से पता चला कि घायल लड़की को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जाचं के लिए जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो यह जानकारी सामने आयी कि लड़की के साथ रहे एक युवक को भी गोली लगी है। वह भी घायल है। दोनों का इलाज चल रहा है। प्रथम दृष्टिया प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। अन्य पहलू में भी जांच की जा रही है। वही इस गोलाबारी में शामिल युवक को भी जानकारी जुटाने के साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई भी की जा रही है।