सावन की अंतिम सोमवारी पर सिंहेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का महासैलाब, भगदड़ मचने की उड़ी अफवाह, DM-SP..
सावन की अंतिम सोमवारी पर उत्तर बिहार के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मंदिर में भगदड़ और अफरा तफरी की खबर सामने आई जिसमे दावा किया गया कि भगदड़ में कई लोग गंभीर घायल हो गए है।

सावन की अंतिम सोमवारी पर उत्तर बिहार के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। रात करीब एक बजे सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद बाबा सिंहेश्वरनाथ का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
पट खुलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। दूर-दराज से पहुंचे भक्त घंटों कतार में खड़े होकर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक का इंतजार करते नजर आए। सुबह होते-होते मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। सिंहेश्वरनाथ के दरबार में मधेपुरा के अलावा कोसी-सीमांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पड़ोसी देश नेपाल से भी काफी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार के मंगल की कामना की। भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
इस दौरान मंदिर में भगदड़ और अफरा तफरी की खबर सामने आई जिसमे दावा किया गया कि भगदड़ में कई लोग गंभीर घायल हो गए है, हालांकि इस मामले में डीएम अभिषेक रंजन और एसपी संदीप सिंह के द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित कर भगदड़ वाली खबर का खंडन करते हुए अफवाह बताया है।
डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि सुबह तीन बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक वे दोनों दलबल के साथ मंदिर में ही मौजूद थे। इस तरह की कोई घटना नही घटी है। लेकिन उन्होंने कहा कि सोमवारी को श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है । जिस वजह से चार पांच लोगों को मामूली चोटें लगी है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं एसपी संदीप सिंह ने कहा कि कुछ अपुष्ट और भ्रामक खबर व्यूज और टीआरपी के लिए चलाई गई है जो कि गलत है। जैसा खबरों में बताया गया है ऐसी कोई बात नही है। स्थिति बिल्कुल सामान्य है और श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट











