लखनऊ पहुंचे राहुल, मानहानि के मामले में सुल्तानपुर के कोर्ट में होनी है पेशी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अभी थोड़ी देर पहले लखनऊ पहुंचे हैं। राहुल की आज मानहानि के मामले में सुल्तानपुर के कोर्ट में पेशी होनी है।

लखनऊ : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अभी थोड़ी देर पहले लखनऊ पहुंचे हैं। राहुल की आज मानहानि के मामले में सुल्तानपुर के कोर्ट में पेशी होनी है। राहुल गांधी सड़क मार्ग द्वारा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं।
मामला वर्ष 2018 में अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है
आपको बता दें कि यह मामला वर्ष 2018 में बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी (मानहानि) से जुड़ा है। यह मानहानि का मुकदमा भाजपा के स्थानीय नेता विजय मिश्रा द्वारा दर्ज कराया गया था। सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत इस मामले में आज अपना फैसला सुनाने वाली है, जिसके लिए राहुल गांधी की व्यक्तिगत पेशी तय हुई है। लखनऊ एयरपोर्ट पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।













