बिहार के मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई कैबिनेट की अहम बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बिहार कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली को डिजिटल कर दिया गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च में बढ़ोतरी समेत 38 एजेंडों पर मुहर लगाई गई।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा-आज से बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हो गई। अब कैबिनेट की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल, पेपरलेस और नव तकनीक से लैस होगी। नई तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी कामकाज को अधिक सुगम, तेज और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
ग्राम कचहरियों को और अधिक सशक्त एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय!
राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी के प्रशासनिक व्यय की वार्षिक राशि ₹4,000 से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2027 से ₹24,000 करने की स्वीकृति दी गई है। इससे ग्राम कचहरियों के सुचारु संचालन और स्थानीय न्याय व्यवस्था को मिलेगी मजबूती।
पटना में जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम!
केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए ₹1,794.32 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे शहर में स्वच्छ एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
नालंदा के इस्लामपुर में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार!
मौजा-ब्रहगाँवा में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण हेतु ₹382.23 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई।
समस्तीपुर को औद्योगिक विकास की नई सौगात!
खानपुर अंचल के तीन मौजों में कुल 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण हेतु ₹261.92 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई।
शेखपुरा में औद्योगिक विस्तार का मार्ग होगा प्रशस्त!
चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में कुल 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण हेतु ₹62.37 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई।
सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय!
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल बिहार सरकार की भूमि पर SSB की 19वीं एवं 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति दी गई है। ₹4,38,063 के भुगतान पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भूमि के स्थायी हस्तांतरण किया गया।