रौशन सर के भाई की मौत के बीच खान सर के 3 स्टाफ को थाने बुलाया, खान कोचिंग पर पुलिस ने चिपकाया नोटिस

खान सर कोचिंग विवाद मामले में पुलिस का एक्शन जारी है। रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत के बीच पटना पुलिस ने खान सर के तीन स्टाफ सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 14, 2026, 3:47:00 PM

पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। खान सर की ओर से कराई गई FIR में प्रिंस का भी नाम शामिल था। इस बीच खान सर कोचिंग विवाद मामले में पुलिस का एक्शन जारी है। पटना पुलिस ने खान सर के तीन स्टाफ सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया है। इन तीनों को थाने बुलाया गया है। 

दरअसल पटना के खान ग्लोबल इंस्टिट्यूट पर नोटिस चिपकाए जाने के बाद जांच तेज हो गई है। पटना पुलिस ने तीन स्टाफ सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया है। कन्हैया सिंह, मस्जिद और अंकित पांडे को शाम 4 बजे तक थाने बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सहयोग नहीं करने के आरोप सामने आए हैं। कन्हैया सिंह ने पहले थाने में आवेदन देकर रोशन आनंद और प्रिंसिपल को नामजद किया था। इसी मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

दूसरी तरफ ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने होटल में मौजूद अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना से बिहार और नेपाल दोनों जगह सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। आगे की कार्रवाई पूछताछ और सबूतों के आधार पर तय होगी।

मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव कुछ अन्य युवकों के साथ होटल में ठहरे हुए थे, जो भारत-नेपाल सीमा से महज तीन किलोमीटर दूर है। नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में देर रात उनकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। वहीं अब प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में मौत का कारण सामने आ गया है। विराटनगर वार्ड संख्या-09 स्थित शुभम होटल के कमरा नंबर से रविवार को मिले इनपुट के अनुसार, शनिवार की रात अत्यधिक शराब का सेवन करने के कारण प्रिंस की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। होटल में मौजूद उसके दोस्तों ने आनन-फानन में उसे विराटनगर के नोबेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े विवाद के बाद दर्ज FIR में प्रिंस यादव का नाम भी शामिल है। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार बताए जा रहे थे। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। वे अपने साथियों के साथ नेपाल चले गए थे। इसी बीच नेपाल में उनके होने और फिर अचानक मौत की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

बताते चलें कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच विवाद हुआ था। मामले में रौशन आनंद और उनके 2 सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया गया था. उसी केस में रौशन के भाई प्रिंस फरार थे। वहीं, खान सर के दो गार्ड्स भी फिलहाल जेल में हैं। उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। खान सर के खिलाफ FIR हुई थी, जिसमें उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई थी। पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है, जबकि 12 दिन से रौशन आनंद जेल में हैं। उनकी जमानत पर सोमवार को सुनवाई होनी है।