पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने होटल में मौजूद अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनकी मौत कैसे हुई है। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। नेपाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खान सर की ओर से कराई गई FIR में प्रिंस का भी नाम शामिल था।
मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव कुछ अन्य युवकों के साथ होटल में ठहरे हुए थे, जो भारत-नेपाल सीमा से महज तीन किलोमीटर दूर है। नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में देर रात उनकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रिंस के साथ मौजूद 6 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े विवाद के बाद दर्ज FIR में प्रिंस यादव का नाम भी शामिल है। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार बताए जा रहे थे। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। वे अपने साथियों के साथ नेपाल चले गए थे। इसी बीच नेपाल में उनके होने और फिर अचानक मौत की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पटना में खान सर कोचिंग विवाद केस में प्रिंस यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी। बताया जा रहा है कि FIR के बाद वे लगातार नेपाल में ही रह रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव पर 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हमले का आरोप लग चुका है। खान सर की कोचिंग का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया कुमार सिंह की ओर से FIR करवाई गई थी। जिसमें लिखा गया था-मैं पटना जिले के कदमकुआं थाना के अंतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज मुसल्लहपुर हाट का मैनेजमेंट संभालता हूं।
अभिषेक और प्रिंस (रौशन आनंद का भाई) और उसका स्टाफ रौशन, गौरव के साथ करीब 15-20 लड़के अचानक मेरे कोचिंग के गेट पर आए और गार्ड को खींचकर मारपीट करने लगे जिससे उसका सिर फट गया। हल्ला होने पर अगल-बगल के लोग भी जुटने लगे। तब सभी लड़के तोड़फोड़ और गाली-गलौज करने लगे और हमारे कोचिंग का बोर्ड और बैरिकेडिंग, खान सर का फोटो तोड़ दिया।
बता दें कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच विवाद हुआ था। मामले में रौशन आनंद और उनके 2 सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया गया था. उसी केस में रौशन के भाई प्रिंस फरार थे। वहीं, खान सर के दो गार्ड्स भी फिलहाल जेल में हैं। उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। खान सर के खिलाफ FIR हुई थी, जिसमें उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई थी। पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है, जबकि 12 दिन से रौशन आनंद जेल में हैं। उनकी जमानत पर सोमवार को सुनवाई होनी है।