बिहार की राजधानी पटना के PMCH में पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की घटना पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने पत्रकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पत्रकार बिना किसी भय के अस्पतालों में जाकर रिपोर्टिंग कर सकते हैं। निशांत ने कहा कि संविधान ने मीडिया को जिम्मेदारी निभाने का अधिकार दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पत्रकारों की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की अहम भूमिका है और किसी भी सरकारी अस्पताल में पत्रकारों को तथ्य जुटाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने से रोका नहीं जा सकता। साथ ही ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पत्रकारों के खिलाफ मारपीट की कहीं कोई शिकायत सामने आती है तो उसकी गंभीरता से जांच की जाएगी।
वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आम मरीजों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए पटना न आना पड़े। सरकार इस कोशिश में लगी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा-गॉल ब्लैडर, अपेंडिक्स समेत सामान्य ऑपरेशन और इलाज की सुविधाएं जिला अस्पतालों में ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों और जूनियर डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि प्रशिक्षण से वे आधुनिक चिकित्सा पद्धति के अनुरूप बेहतर इलाज उपलब्ध करा सकें। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं का विकेंद्रीकरण कर मरीजों को उनके जिले में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।