पटना ज्वेलरी लूटकांड : कट्टे से फायरिंग कर भाग रहा था आरोपी, एनकाउंटर में हुआ घायल

पटना ज्वेलरी लूटकांड : कट्टे से फायरिंग कर भाग रहा था आरोपी, एनकाउंटर में हुआ घायल

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 22, 2026, 10:18:00 AM

पटना के रामकृष्णानगर स्थित एक आभूषण दुकान में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में बुधवार सुबह बेउर के कृषि फार्म इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी दिलीप घायल हो गया। गोली लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, इस डकैती की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले उदित नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दिलीप और रोहन के नाम उजागर किए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया, जहां उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, घटना की कड़ी जोड़ने के लिए दिलीप को मौके पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की और देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

पूछताछ में सामने आया कि डकैती के बाद सभी आरोपी बाइक से बेउर के कृषि फार्म पहुंचे थे। वहां एक आम के पेड़ के नीचे लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया और हथियार छिपा दिए गए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से एक कट्टा, 7.6 एमएम की गोली, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।