पटना अब भारत का तीसरा शहर बन गया है, जिसने गिग वर्कर्स (डिलीवरी पार्टनर्स, कैब ड्राइवर्स आदि) के लिए 24×7 एयर-कंडीशंड रेस्ट पॉड्स की सुविधा शुरू की है। इससे पहले यह पहल केवल चेन्नई और कोयंबटूर में शुरू की गई थी। इससे भीषण गर्मी में काम करने वाले गिग वर्कर्स और आम लोगों को राहत मिलेगी।
पटना में पहली बार गिग वर्कर्स के लिए स्पेशल एसी लाउंज तैयार किया गया है। सड़क किनारे बनाए गए इन आधुनिक रेस्टिंग रूम में आराम करने समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां मोबाइल चार्जिंग प्वॉइंट, पीने का पानी, बैठने की आरामदायक सुविधा मिलेगी। डिलीवरी कर्मियों को बेहतर माहौल, जरूरी सुविधाएं और कुछ पल सुकून से बिताने का मौका मिलेगा। ये कर्मचारी मुफ्त में कुछ देर आराम करके फिर काम पर जा सकते हैं।
आयकर गोलंबर पर स्थापित इस स्मार्ट रेस्ट पॉड्स में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, पीने का स्वच्छ पानी, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कड़ी धूप, बारिश और ट्रैफिक के बीच दिन-रात शहर को सेवा देने वाले गिग वर्कर्स के लिए यह पहल बड़ी राहत साबित होगी। यह सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
बता दें कि पटना में दो स्थानों पर पहली बार गिग वर्कर्स और डिलीवरी पार्टनर्स के लिए स्पेशल एसी लाउंज तैयार किया गया है। पहला लाउंज गांधी मैदान के गेट नंबर-4 के पास और दूसरा इनकम टैक्स गोलंबर के पास बनाया गया है। इन रेस्टिंग रूम में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, दो एयर कंडीशनर, सीसीटीवी निगरानी, ठंडे पानी की व्यवस्था, सामान रखने की सुविधा और आरामदायक बैठने की जगह उपलब्ध कराई गई है। इन दोनों लाउंज में एक समय में करीब 15-15 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। गिग वर्कर्स के लिए यह सुविधा पूरी तरह फ्री होगी।