पटना के दो सबसे बड़े कोचिंग संस्थान फैजल खान उर्फ खान सर के खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) और रौशन आनंद के ज्ञान बिंदु कोचिंग का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस विवाद की आग में अब देश के अलग-अलग बड़े कोचिंग संचालक भी कूद पड़े हैं। इधर रौशन सर के भाई के मौत के बाद खान सर पर गंभीर आरोप लग रहा है। वहीं अब इस हाई-प्रोफाइल विवाद पर देश के मशहूर एडटेक प्लेटफॉर्म 'फिजिक्स वाला' के निदेशक अलख पांडेय का भी बयान सामने आया है।
सोशल मीडिया पर लगातार मिल रहे कमेंट्स और उठते सवालों के बीच देश के सबसे बड़े ऑनलाइन गुरु यानि 'फिजिक्स वाला' के अलख पांडेय ने खान सर का बचाव किया है। उन्होंने खान सर का समर्थन करते हुए कहा कि जो इंसान देश के बच्चों के लिए इतना कुछ कर रहा है, जिसने शिक्षा को बिल्कुल सस्ता और सुलभ बना दिया, आज उसे ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है।
अलख पांडेय खान सर के पक्ष में ढाल बनकर खड़े हो गए और कहा कि पिछले 5 साल से खान सर यूट्यूब और सोशल मीडिया पर बेहद सस्ती शिक्षा दे रहे हैं। उनका कोई निजी कर्तव्य नहीं था कि वह बिहार में आकर गरीबों के लिए सस्ते अस्पताल खोलें और सस्ता इलाज करवाएं। लेकिन उन्होंने यह सब समाज के लिए किया और आज उसका परिणाम यह मिल रहा है कि हर कोई उन पर उंगली उठा रहा है।
फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडेय ने खान सर का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की भी गलती सामने आती है तो कानून के अनुसार उसे सजा मिलनी चाहिए। अलख पांडेय ने यह भी कहा कि उन्हें खान सर पर पूरा भरोसा है और वह शुरुआत से अंत तक उनके साथ खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने रौशन आनंद के भाई की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है।
बता दें कि 14 जून को रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जेल से बाहर आने के बाद रोशन आनंद ने खान सर को मौत का जिम्मेदार बताया है। रौशन आनंद ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आज 12 बजे तक पुलिस को अल्टीमेटम दिया। रोशन सर ने कहा कि फैजल खान (खान सर) पर एफआईआर नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे। रोशन आनंद भाई प्रिंस की मौत का जिम्मेदार खान सर को बता रहे हैं।