ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और खान सर का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है, जबकि रौशन आनंद सर की जमानत पर सुनवाई बढ़ती जा रही है। इस बीच खान सर को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पूर्व पार्टनर निखिल सर ने खान सर पर कोचिंग हड़पने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि खान सर ने धोखे, दबाव और धमकी से कोचिंग साम्राज्य हड़प लिया। अब वे खान सर के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
खान सर के पूर्व सहयोगी और 'टारगेट' कोचिंग के डायरेक्टर रहे निखिल सर ने कैमरे के सामने बड़ा खुलासा किया है। निखिल सर के अनुसार खान सर ने 'अब्बा की कसम' खाई थी और लिखित एग्रीमेंट भी किया था। लेकिन वे बाद में मुकर गए। वर्ष 2019 में हुए कथित धोखे की पूरी कहानी उन्होंने बताई है। इतना ही नहीं अब वह खान सर के खिलाफ FIR कराने की तैयारी में हैं।
इंडिया टुडे ग्रुप से बात करते हुए निखिल सर ने बताया कि खान सर आर्थिक स्थिति उतनी अच्छी नहीं थी, जब वो पटना के मुसल्लहपुर हाट आए थे। शुरुआत में वे वंदना मैम की कोचिंग में पढ़ाते थे, फिर विवाद होने के बाद उनको हटा दिया गया। इसके बाद निखिल सर ने उन्हें अपने संस्थान में मौका दिया, जहां शुरू में उन्हें मात्र 50 रुपये प्रति घंटे दिए जाते थे। बाद में उनकी मेहनत को देखते हुए 70:30 के रेशियो पर सहमति बनी।
निखिल सर का दावा है कि बच्चों की संख्या बढ़ने पर किसान कोल्ड स्टोरेज के पास बड़ी जगह ली। खान सर ने ‘अब्बा की कसम’ खाकर लिखित एग्रीमेंट किया कि वे कभी धोखा नहीं देंगे। निखिल सर का कहना है कि लोकप्रियता बढ़ने के बाद खान सर के व्यवहार में बदलाव आने लगा। 2019 के आसपास उन्होंने दबाव बनाना शुरू कर दिया।आरोप है कि खान सर ने डरा-धमकाकर जबरन कागजों पर दस्तखत करवा लिए कि कोचिंग उनकी है।
निखिल सर का कहना है कि खान सर की धमकी से वो डर गए और चुप रहना ही उचित समझा। उनके पास आज भी रेंट एग्रीमेंट और बिजली बिल जैसे मजबूत सबूत मौजूद हैं। उनका कहना है कि इस खुलासे के बाद लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। निखिल सर ने कहा कि उन्होंने वकीलों से सलाह ली है और जल्द ही खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अदालत में याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। खान सर के पूर्व पार्टनर निखिल सर के सनसनीखेज आरोप के बाद बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री में तूफान आ सकता है। वैसे ही रौशन आनंद सर और खान सर के विवाद को लेकर मामला गरमाया हुआ है। अब देखना होगा कि इस गंभीर आरोप पर खान सर का क्या जवाब आता है।