खान सर जाएंगे जेल या म‍िलेगी बेल? फैजल खान पहुंचे कोर्ट, अग्रिम जमानत की याचिका दायर

फायरिंग और कोचिंग विवाद मामले में नामजद खान सर ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 08, 2026, 11:44:00 AM

फायरिंग और कोचिंग विवाद मामले में नामजद खान सर ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। उनके वकील ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल कर कानूनी राहत की मांग की है।पिछले तीन दिनों से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में उन पर बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। 

फैजल खान उर्फ खान सर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) के लिए याचिका दायर कर दी है।  एफआईआर दर्ज होने और गिरफ्तारी की चर्चाओं के बीच उन्होंने कानूनी राहत के लिए अदालत का रुख किया है। कहा जा रहा है कि अग्रिम जमानत याचिका पर कल सुनवाई हो सकती है।  आज दोपहर 12:30 बजे सिविल कोर्ट सुनवाई की वक्त तय करेगा। फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पटना पुलिस भी मामले पर नजर बनाए हुए है और आगे की कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की तैयारी कर रही है। 

वहीं पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की जमानत याचिका पर सोमवार को अदालत में सुनवाई हुई।  दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।  रौशन आनंद फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और उनके समर्थक लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं। 

यह मामला 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर का है।  संस्थान की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग कैंपस में घुस आए और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाया गया और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट भी की गई। 

शुरुआती चरण में खान सर ने फायरिंग के लिए रौशन आनंद और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया था। लेकिन जांच में जब यह सामने आया कि फायरिंग उनके ही सुरक्षा गार्डों द्वारा की गई थी। गिरफ्तार सुरक्षा गार्डों ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि उन्होंने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की थी।

बता दें कि पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो निजी अंगरक्षक भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर को भी मामले में नामजद किया गया। फायरिंग, तोड़फोड़ और हंगामे से जुड़े इस मामले की जांच लगातार जारी है।