राज्यपाल ने लोकभवन में किया झंडोत्तोलन, लालू-नीतीश ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा

बिहार लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने अपने आवास पर तिरंगा फहराया।

बिहार समेत  देश भर में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गांधी मैदान समेत सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया। इसी कड़ी में बिहार लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी ली। वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना स्थित 1 पोलो रोड नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी आवास पर झंडोत्तोलन किया। जबकि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर ध्वजारोहण किया। 

राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बिहारवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस मौके पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता,अखंडता और प्रगति के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना स्थित 1 पोलो रोड नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी आवास पर झंडोत्तोलन किया। उन्होंने पटना स्थित पार्टी कार्यालय पर भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और देश एवं प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

झंडोत्तोलन के दौरान पार्टी कार्यालय में देशभक्ति का माहौल नजर आया और बड़ी संख्या में राजद नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पटना स्थित राजद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कार्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। 

वहीं 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा , विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ सहित पार्टी के कई गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी कड़ी में बिहार विधानसभा परिसर और बिहार विधान परिषद में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया गया। विधानसभा परिसर में अध्यक्ष प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि विधान परिषद परिसर में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने तिरंगा फहराकर देश की आजादी के अमर नायकों को नमन किया। 

इससे पहले बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह धूमधाम से  मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडोत्तोलन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे गांधी मैदान में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और वंदे मातरम् गाया। मुख्यमंत्री के रूप में गांधी मैदान में यह उनका पहला ध्वजारोहण रहा।