पटना में 'खान ग्लोबल स्टडीज' मामले में जेल से बाहर निकलने के बाद ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद सर ने खान सर पर अपने भाई की हत्या करवाने का आरोप लगाया। बेऊर जेल से निकलने के बाद रौशन आनंद अपने कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी पहुंचे। उनके आने से पहले ही हजारों की संख्या में छात्र उनके स्वागत में मौजूद थे। जहां फैजल खान को लेकर जमकर नारेबाजी हुई और रौशन आनंद के समर्थन में खूब नारे लगे। कोचिंग सेंटर में रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत करते हुए एक बार खान सर पर गंभीर आरोप लगाये और कहा कि फैजल खान को पुलिस और नेता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
रौशन आनंद ने कहा कि फैजल खान ने हमारे साथ साजिश की है। साजिश के तहत मुझे जेल में भेजा और मेरे भाई की हत्या नेपाल में करवाई। उन्होंने कहा कि फैजल खान को नेता का संरक्षण प्राप्त है। हमको जेल में मरवाने के लिए करोड़ों रुपये फैजल खान ने पानी की तरह बहाया है। मैं नेता का नाम नहीं बोलूंगा लेकिन फैजल को उस नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए उसकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई।
रौशन सर आगे कहते हैं-फैजल खान ने कई टीचरों को बर्बाद किया है, अब मुझे भी वह बर्बाद करने की साजिश रची है। लेकिन मैं हिम्मत के साथ लड़ाई लड़ूगा। हमने अपने जीवन का बहूमुल्य चीज अपने भाई को खोया है, जो कभी लौटकर वापस नहीं आ सकता। जेल में मेरे आंसू सूख गये हैं। भाई को न्याय दिलाने के लिए अंतिम सांस तक लड़ूंगा।
वहीं भाई की मौत को साजिश बताते हुए रौशन सर ने कहा कि मेरा भाई बिल्कुल स्वस्थ था, उसको कोई बीमारी नहीं थी। यदि कोई यह बात कह रहा है कि बीमारी से मौत हुई है तो यह गलत बात है। मेरे भाई की बीमारी से नहीं बल्कि उसकी नेपाल में हत्या की गयी है। मैं मांग करता हूं की इस मामले की सीबीआई जांच करायी जाए। क्योंकि फैजल खान को नेता का संरक्षण प्राप्त है, यही कारण है कि पुलिस भी उसे आज तक गिरफ्तार नहीं कर पाई।
इससे पहले खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और मारपीट केस में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के निदेशक रौशन आनंद सर को कोर्ट से जमानत मिली। बेऊर जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया से बातचीत की और खान सर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने साफ कहा कि मेरे भाई की हत्या खान सर ने करवाई है। खान सर पर गंभार आरोप लगाते हुए रौशन सर ने कहा कि फैजल खान शिक्षक नहीं, मेरे भाई के हत्यारे हैं। मेरे भाई को मुझसे छीन लिया गया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नतीजा चाहे जो भी हो, अब कोई समझौता नहीं होगा। यह आर-पार की लड़ाई होगी।
जेल से बाहर निकलने के बाद रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या एक साजिश के तहत कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में फैजल खान (खान सर नाम से चर्चित) और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक की भूमिका की जांच होनी चाहिए। रौशन आनंद ने आगे कहा कि हमारे साथ साजिश हुआ है। फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज का मालिक आर एस प्रसाद ने साजिश रचकर हमारे भाई की हत्या करवाई है।