आर्थिक अपराध ईकाई ने बडी कार्रवाई की है। ईकाई द्वारा भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के विभिन्न निवासों पर एक साथ छापेमारी की गयी है। ईकाई की तरफ से बुधवार को रेड मारा गया। ईओयू ने यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में की गयी है। अचानक मारी गयी रेड से विभाग में हडकंप मच गया। पवन कुमार भवन निर्माण विभाग में भवन निरूपण अंचन वन, पटना सह डायरेक्टर, निरूपण ईकाई, पटना भवन प्रमंडल के पद पर कार्यरत हैं।
ईओयू द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार पवन कुमार के छह अलग अलग ठिकानों पर एक साथ रेड मारी गयी। इस दौरान अब तक करीब तीन करोड़ 89 लाख से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। राजधानी के श्री कृष्णापुरी स्थित के यमुना अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर B के साथ ही पटना कार्यालय और भागलपुर जिले के आनंदगढ़ कॉलोनी, तिलकामांझी स्थित मकान में छापेमारी मारी गयी। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा सेक्टर 75 स्थित फ्लैट, एक आवासीय ठिकाना और नई दिल्ली द्वारका सेक्टर 10 स्थित फ्लैट पर भी रेड मारी गयी। ईकाई की अलग अलग टीमों के द्वारा एक साथ इन सभी जगहों पर छापा मारा गया।
बता दें कि ईओयू की तरफ से आय से अधिक संपत्ति मामले में पहले भी अलग अलग विभागों के विभिन्न पदों पर स्थापित अधिकारियों, कर्मियों के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गयी है। ईकाई की तरफ से इस रेड की पूरी प्रक्रिया की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
पटना से राजन की रिपोर्ट