बिहार के 1 करोड़ लोगों के खाते में पहुंचे 1100 करोड़, CM सम्राट का बड़ा तोहफा, फटाफट अपना अकाउंट चेक करें

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत आज लगभग एक करोड़ लाभुकों के खाते में 1100 की राशि भेजी गई। अब से हर महीने की 10 तारीख को लाखों पेंशनधारियों को पेंशन राशि मिलेगी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 10, 2026, 1:52:00 PM

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत आज लगभग एक करोड़ लाभुकों के खाते में 1100 की राशि भेजी गई। अब से हर महीने की 10 तारीख को लाखों पेंशनधारियों को पेंशन राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से राज्य के 94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए। सीएम ने समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डीबीटी (Direct Benefit Transfer) कार्यक्रम के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में 1100 रूपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रूपये की राशि ट्रांसफर की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद तबकों को सामाजिक सुरक्षा मुहैया कराना हमारी सरकार का दायित्व है। हमने पिछली सरकार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रूपये से बढ़ाकर सीधे 1100 रुपये प्रति माह किया था। हम 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों, सभी विधवाओं एवं निःशक्तजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशनों का लाभ देते हैं। 

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी लाभुकों को यह राशि हर माह निश्चित समय पर प्राप्त हो इसके लिए भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के सुअवसर पर इन योजनाओं के 94 लाख से अधिक लाभुकों को 1100 रुपये प्रति माह की दर से आज हम लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि उनके खाते में भेज रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आगे हर महीने की 10 तारीख को हमारी सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभुकों के खाते में यह राशि भेजती रहेगी। इसके आलावे विभिन्न प्रकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार सभी जरूरतमंद लोगों की सेवा करते रहने के लिए कृतसंकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, वे लाभ प्राप्त करने के लिए शीघ्र आवेदन करें। साथ ही आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण पेंशन से वंचित लोग भी जल्द अपना आधार लिंक कराकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करें।