बिहार में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में 102 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस सेवा का संचालन राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेन प्लस सर्विसेज द्वारा पूर्णतः निःशुल्क किया जा रहा है। मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वस्थ्य से जुड़े कर्मियों की दक्षता बढ़ाने के लिए जेन प्लस प्राइवेट लिमिटेड ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
कंपनी ने बीते 2 जून को पटना में बिहार के पहले अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (AHA) इंटरनेशनल ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की है। इस केंद्र के माध्यम से एम्बुलेंस कर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स को वैश्विक मानकों के अनुरूप जीवनरक्षक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी तथा अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
यह पहल केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से अस्पतालों, एम्बुलेंस सेवाओं और चिकित्सा संस्थानों की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अब पटना के लोगों को भी इमरजेंसी हेल्थकेयर एजुकेशन के लिए बिहार से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, पटना के ए जी कॉलोनी स्थित AHA ट्रेनिंग सेंटर से वो प्रशिक्षण ले सकेंगे।
मई 2026 के दौरान जेन प्लस द्वारा 102 एम्बुलेंस सेवा ने पटना में कुल 5,800 मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की। इनमें 2,913 गर्भवती महिलाएं, 84 नवजात एवं गंभीर मरीज, 373 सड़क दुर्घटना पीड़ित तथा 2,430 अन्य मरीज शामिल रहे हैं। सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और बेहतर संचालन व्यवस्था के कारण जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
ज़ेन प्लस, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि बिहार में AHA ट्रेनिंग सेंटर जैसी पहलें कुशल स्वास्थ्यकर्मियों के निर्माण, इमरजेंसी केयर और बेहतर हेल्थकेयर एजुकेशन में विश्वस्तरीय ट्रेनिंग को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। साथ ही यह बिहार तथा पड़ोसी राज्यों के डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स, मेडिकल छात्र और कोई भी अन्य व्यक्ति जो इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स हैं उनको एडवांस इमरजेंसी केयर ट्रेनिंग द्वारा रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी।