बिहार को अचानक हुआ क्या? एक साथ छुट्टी पर तीन बड़े नौकरशाह, अटकलों का बाजार गर्म

बिहार के तीन बड़े अफसर एक साथ छुट्टी पर चले गए. छुट्टी पर चले गए या भेज दिए गए? बिहार के DGP विनय कुमार 21 दिनों की छुट्टी पर चले गए हैं. जबकि BPSC के अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई और BPSSC के अध्यक्ष केएस द्विवेदी भी अवकाश पर चले गए हैं.

बिहार के तीन बड़े अफसर एक साथ छुट्टी पर चले गए. छुट्टी पर चले गए या भेज दिए गए? बिहार के पुलिस महानिदेशक यानी DGP विनय कुमार मंगलवार को 21 दिनों की छुट्टी पर चले गए हैं. जबकि, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष केएस द्विवेदी भी अवकाश पर चले गए हैं. तीन बड़े पदधारक नौकरशाहों के एक साथ अवकाश पर जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है. वैसे तीनों ने अलग-अलग कारण बताए हैं.

बिहार के तीन सबसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात शीर्ष अधिकारी एक साथ अवकाश पर चले गए. इस अचानक लिए गए फैसले ने महकमे के साथ-साथ आम जनता के बीच भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस विभाग से लेकर परीक्षा आयोगों की कमान संभालने वाले अधिकारियों के इस कदम से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, अधिकारियों ने अपने अवकाश का कारण व्यक्तिगत और नियमानुसार बताया है, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सम्राट सरकार को तत्काल प्रभाव से नए अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपनी पड़ी है.

बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार बुधवार से 21 दिनों की छुट्टी पर चले गए हैं. इसी वर्ष दिसंबर में सेवानिवृत्त हो रहे विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पिछले दस वर्षों से एलटीसी (LTC) का लाभ नहीं लिया था, जबकि आईपीएस अधिकारियों के लिए हर दो साल में इसका प्रावधान होता है. उन्होंने इस संबंध में लगाए जा रहे कयासों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अध्यक्ष आईएएस रहे परमार रवि मनुभाई 15 सितंबर से 9 अक्तूबर तक कुल 25 दिनों की छुट्टी पर रहेंगे. उन्होंने अपने अवकाश का कारण व्यक्तिगत बताया है. ध्यान देने योग्य बात यह है कि बीपीएससी को निकट भविष्य में महत्वपूर्ण टीआरई-4 परीक्षा का आयोजन करना है, ऐसे में उनकी अनुपस्थिति काफी अहम मानी जा रही है.

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष केएस द्विवेदी एक माह (30 दिन) के लंबे अवकाश पर चले गए हैं. उन्होंने छुट्टी पर जाने के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है. एक साथ तीनों प्रमुख संस्थानों के अध्यक्षों और प्रमुखों का छुट्टी पर जाना राज्य के प्रशासनिक सर्कल में बहस का विषय बना हुआ है.

डीजीपी का प्रभार: गृह विभाग ने होमगार्ड की महानिदेशक प्रीता वर्मा को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है.

बीपीएससी का प्रभार: राजस्व पर्षद की अध्यक्ष सह सदस्य हरजोत कौर बम्हरा को बीपीएससी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है.

बीपीएसएससी का प्रभार: पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष पद का प्रभार महानिदेशक (BSAP) बिहार आईपीएस जीतेंद्र कुमार को सौंपा गया है.

अनूप नारायण सिंह