राज्य सरकार का बड़ा फैसला, इन जिलों में स्थापित होंगे पांच नए निजी यूनिवर्सिटी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 24, 2026, 6:22:00 PM

राज्य की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दरअसल राज्य सरकार ने राज्य के पांच अलग-अलग जिलों में नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना एवं संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दिया है। इस बात की जानकारी बुधवार को खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से दी है। 

सीएम सम्राट चौधरी ने जानकारी दी है कि राज्य के मधुबनी, सिवान, नवादा, औरंगाबाद और पटना में पांच नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना एवं संचालन को स्वीकृति दे दी गई है। इनमें मधुबनी में शांजा विश्वविद्यालय, सिवान में निजी विश्वविद्यालय, नवादा के अशोकनगर में एसए विश्वविद्यालय, औरंगाबाद के जसोइया मोड में शीत योग विश्वविद्यालय और राजधानी में हिमालय विश्वविद्यालय की स्थापना एवं संचालन को मंजूरी दी गई है।

बता दें कि बिहार में अभी चार केंद्रीय विश्वविद्यालय, 21 राज्य विश्वविद्यालय, 8 निजी विश्वविद्यालय, नौ राष्ट्रीय महत्व के संस्थान और एक डिम्ड विश्वविद्यालय हैं। जहां बडी संख्या में छात्र, छात्राएं पठन पाठन कर रहे हैं। राज्य के कुछ अहम विश्वविद्यालयों में पटना विश्वविद्यालय, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और मगध विश्वविद्यालय शामिल हैं। इनमें पटना विश्वविद्यालय की गिनती राज्य की सबसे पुराने विश्वविद्यालय में होती है। इसकी स्थापना 1917 में हुई थी।