भोजपुर के बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भरत तिवारी हिंदुत्व के लिए जिया करता था। उन्होंने यह भी कहा कि वह भविष्य में भरत तिवारी के परिजनों से मिलने के लिए बिहार जाएंगे।
महाराष्ट्र के भिवंडी में एक दरबार में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह विदेश में थे। वहां से स्वदेश वापसी पर उनको भरत तिवारी मामले की पूरी जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी हिंदुओं के लिए और सनातनियों के लिए लड़ता था। सरेंडर करने के बाद प्रशासन ने उसके ऊपर गोली चलाई। यह हमें पता है। इसकी जांच होनी चाहिए। यदि कोई अपराधी है, अगर वह अपराधी है तो उसे न्यायपालिका से दंड मिलना चाहिए था। जो कुछ भी हुआ, उसकी विशेष स्तर पर वहां की सरकार मुख्यमंत्री जांच करें ताकि किसी के साथ ऐसा दोबारा न हो।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को हम आशीर्वाद देते हैं। उनके परिवार से हम भविष्य में मुलाकात करेंगे। हम हर सनातनी के लिए तैयार रहते हैं। लगातार कार्य करते हैं। हमारे धाम के भी लोग करते हैं। भरत तिवारी के साथ जो कुछ भी हुआ, वह उचित नहीं हुआ। हम हनुमान दादा से कहना चाहते हैं कि उनकी रक्षा बजरंगबली करें। वहां की सरकार से हमारा आग्रह है कि उचित और सही, सटीक जांच हो। उनका कहना था कि विभीषण शत्रु के भाई थे लेकिन वह शरण में आ गए थे तो क्या उनका वध हुआ? यदि कोई शरण में आ जाए तो उसका वध नहीं किया जाता। यह रामचरितमानस कहती है। यह वेद और शास्त्र कहते हैं।
बता दें कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर राज्य के साथ देश की राजनीति में जोरदार क्रिया और प्रतिक्रिया का दौर चल रहा है। राज्य के विपक्षी दलों ने पुलिस की कार्यशैली पर सीधा सवाल उठाया है साथ ही राज्य सरकार को भी कटघरे में खडा किया है वहीं दूसरी तरफ अलग अलग लोगों की भी प्रतिक्रिया लगाताार देखने को मिल रही है।