बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का जश्न पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज बाढ़ के नदवां गांव में शिवांगी की शादी हो रही है। इस शादी में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ी है, जिसकी वजह से कई रास्तों पर महाजाम की स्थिति हो गई है। पटना-बेगूसराय मार्ग पर भारी जाम लग गया है। यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की और वैकल्पिक रास्ता अपनाने की सलाह दी है।
दरअसल बेगूसराय से पटना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। बाढ़ क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। इसको देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों और व्यावसायिक वाहन चालकों को अत्यधिक जाम की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
पटना यातायात पुलिस ने सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं।
बेगूसराय से पटना आने के लिए:
मोकामा/बेगूसराय → सरमेरा → बिहारशरीफ → बख्तियारपुर → पटना।
पटना से मोकामा और बेगूसराय जाने के लिए:
पटना → बख्तियारपुर → बिहारशरीफ → सरमेरा → मोकामा/बेगूसराय।
भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए विशेष निर्देश
यातायात पुलिस ने भारी एवं व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की है कि बाढ़ क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ और जाम की स्थिति में निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव और अधिक न बढ़े।
वाहन चालकों और यात्रियों से पुलिस की अपील
पटना यातायात पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से लेन अनुशासन बनाए रखने तथा अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने लोगों से सहयोग करने और सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।