पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर 2026, शनिवार को पटना के बाहरी इलाक़े में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया। हालांकि उद्घाटन के दो दिन बाद ही पुलिस ने लाखों का जुर्माना लगाया है। दरअसल नवनिर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पटना यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। पटना के एचपीवी-01 क्षेत्र में कुल 123 चालान काटे गए। चालान की कुल राशि 3 लाख 81 हजार रुपये रही।
यातायात पुलिस ने सेतु पर अपनी टीम तैनात की है। टीम वाहन चालकों को सही दिशा और निर्धारित लेन में चलने के लिए जागरूक कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने और दोबारा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने अपील की है कि कम दूरी के लिए भी गलत दिशा में वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है। वाहन चालक सही लेन में चलें और गति नियंत्रित रखें। दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनें और कार में सीट बेल्ट लगाएं।
बता दें कि नीतीश सेतु गंगा नदी पर बना 6-लेन पुल है, जो पटना के कच्ची दरगाह/दीदारगंज इलाके को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। 9.76 किलोमीटर लंबे इस पुल से वैशाली के बिदुपुर ब्लॉक को पटना के बाहरी इलाक़े में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ा गया है। कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किमी (चौड़ाई 32 मीटर) है, जबकि एप्रोच रोड सहित कुल गलियारा करीब 19 किमी का है। उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान करना, यात्रा का समय घटाना और व्यापार व कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है।