मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के पुरानी गुदरी स्थित साहू रोड मूर्ति गली में रविवार को एक ग्रेजुएशन की छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतका की पहचान साहू रोड मूर्ति गली निवासी राधे महतो की 19 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरती ग्रेजुएशन की छात्रा थी और पढ़ाई कर रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतका की मां रीना देवी और छोटे भाई राजा कुमार से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की। हालांकि, अब तक घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं-आत्महत्या, पारिवारिक परिस्थितियों एवं अन्य संभावित कारणो को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे मोहल्ले में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट