गंगा नदी में मौत का स्नान, एक साथ डूबी पांच किशोरियां, मचा हडकंप

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 24, 2026, 12:11:00 PM

राज्य के मुंगेर जिले से बडी खबर है। यहां गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा घाट पर स्नान करने गईं पांच किशोरियां गंगा की तेज धार में डूब गईं। हादसे में चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। खबर लिखे जाने तक लापता किशोरियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के बकचपरा गंगा घाट पर बुधवार को तब हडकंप मच गया, जब गंगा स्नान करने गईं पांच किशोरियां गंगा की तेज धार में डूब गईं। इनमें चार सगी बहनें भी बतायी जा रही हैं। हादसे में चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मिली खबर के अनुसार बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी तथा पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरने के लिए बकचपरा गंगा घाट पहुंची थीं। इसी दौरान सभी किशोरियां गंगा में उतरीं और अचानक गहरे पानी में चली गईं, जिससे सभी डूबने लगीं।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वासुदेवपुर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संगीता कुमारी को गंगा से बरामद कर लिया। वहीं, बाकी किशोरियों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गंगा घाट पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद है और लापता किशोरियों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।