बिहार के पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में बड़ा हादसा हुआ है। गुरुवार को पोखर में डूबने से एक महिला और उसके चार बच्चों की मौत हो गई है। जिले के अरेराज अनुमंडल अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र की यह घटना है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों की मदद से पोखर से महिला समेत चार शव बाहर निकाले गए हैं। वहीं पांचवें शव की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतकों में महिला के अलावा दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान और संख्या के बारे में जानकारी नहीं आई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृत महिला की पहचान बभनौली पंचायत के वार्ड संख्या-06 के रहने वाले धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा हो सकता है। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि महिला बच्चों के साथ पशुओं के लिए चारा काटने गई थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) और गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।