मोतीहारी में पुलिस का गजब कारनामा सामने आया है। मलाही थाना पुलिस ने वारंट किसी और के नाम पर और जेल किसी और को भेज दिया। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजन पुलिस के समक्ष वारंटी नहीं होने का सबूत देते रह गए। लेकिन थानेदार ने किसी की नहीं सुनते हुए निर्दोष को दूसरे वारंटी के बदले जेल भेज दिया। दोनों के पिता का अलग नाम और अलग पंचायत में घर होने के बाद भी इतनी बड़ी लापरवाही पर पुलिस के कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है।
मामला मलाही थाना पुलिस का बताया जा रहा है। मलाही थाना पुलिस के कार्यशैली पर कड़ा नाराजगी जताते हुए जेल भेजे गए व्यक्ति को कोर्ट ने पर्सनल बॉन्ड पर छोड़ने का निर्देश दिया। तबतक पुलिस की लापरवाही के कारण दो दिन तक निर्दोष व्यक्ति को जेल में रहना पड़ा। परिजनों ने बताया कि उत्पाद थाना मोतीहारी के टीआर नम्बर 2127/22 से रमेश महतो पिता रतन महतो ग्राम ममरखा मलाही के नाम से वारंट आया था।
मलाही पुलिस ने शनिवार को ममरखा भैया टोला पंचायत के वार्ड 01 रमेश कुमार पिता रामबच्चन महतो को गिरफ्तार कर लिया। परिजन और जनप्रतिनिधि सुबह से ही थाना पहुंचकर थानेदार से गिरफ्तार रमेश के वारंटी नही होने को लेकर कई साक्ष्य दिखाते रहे। लेकिन पुलिस ने परिजन की कोई दलील सुनने को तैयार नहीं होते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
परिजन द्वारा सोमवार को कोर्ट में निर्दोष को पकड़कर पुलिस द्वारा दूसरे के नाम पर जेल भेजने का साक्ष्य के साथ गुहार लगाई गई। उसके बाद कोर्ट ने थाना की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जेल गए व्यक्ति को पर्सनल बॉन्ड पर छोड़ा गया। पुलिस की लापरवाही के कारण निर्दोष व्यक्ति को दो दिन जेल में रहना पड़ा। मलाही थाना पुलिस की कार्यशैली पर आमलोगों में गजब का चर्चा है।
जानकारी के अनुसार 2022 में उत्पाद थाना पुलिस द्वारा बाइक से लगभग 68 लीटर शराब बरामद किया गया था। जिसको लेकर उत्पाद थाना पुलिस द्वारा बाइक के मालिक रमेश महतो पिता रत्न महतो ममरखा मलाही पर प्राथमिकी दर्ज किया गया था। फरार रहने पर रमेश महतो के विरुद्ध न्यायालय से वारंट निर्गत हुआ था। मलाही थाना पुलिस ने बिना सत्यापन के ही रमेश महतो ममरखा मलाही के बदले ममरखा भैया टोला के रमेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अगर पुलिस परिजन की बात सुनकर वाहन के कागज़ात का भी सत्यापन कर लेती तो निर्दोष को जेल नही जाना पड़ता। मलाही पुलिस के इस कारनामा की चर्चा जोरों पर है। मलाही थाना अध्यक्ष से इस संबंध में पूछने पर बताया गया कि चौकीदार के सत्यापन पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर, सोहराब आलम, पूर्वी चम्पारण