बिहार में अजब गजब घोटाला? अंतिम संस्कार योजना से जीवित लोगों के नाम पर निकाली गई राशि

बापू की कर्मभूमि चंपारण इन दिनों लगातार सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और राशि गबन के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार मामला गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली कबीर अंत्येष्टि योजना से जुड़ा है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 21, 2026, 6:26:00 PM

बापू की कर्मभूमि चंपारण इन दिनों लगातार सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और राशि गबन के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार मामला गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली कबीर अंत्येष्टि योजना से जुड़ा है। पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर प्रखंड के डरमहा गांव में योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है।

विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि कई ऐसे लोगों के नाम पर 3000 रुपये की राशि निकाली गई, जो योजना के पात्र नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ जीवित व्यक्तियों के नाम पर भी कफन की राशि का उठाव किया गया। मामला लगातार 20 सूत्री की बैठक में उठता रहा।

स्थानीय विधायक शालिनी मिश्रा ने जिलाधिकारी से जांच की मांग की, जिसके बाद डीएम ने DRDA डायरेक्टर कुंदन कुमार से जांच कराई। जांच में करीब साढ़े चार लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। 

आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधि और कर्मियों की मिलीभगत से अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिया गया, जबकि वास्तविक गरीब लाभुक योजना से वंचित रह गए। DRDA डायरेक्टर कुंदन कुमार ने भी जांच में गलत तरीके से राशि निकासी की पुष्टि की है।

जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। अब सवाल उठ रहा है कि अगर पूरे जिले में इस योजना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो गड़बड़ी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

पूर्वी चंपारण से सोहराब आलम की रिपोर्ट