मधुबनी जिले के जयनगर अनुमंडल के चारों थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक सुरक्षा कवच की शुरू की है। विभाग द्वारा जयनगर अनुमंडल के जयनगर, बासोपटटी, लदनियां एवं देवधा थानों को पिंक स्कूटी व बाइक उपलब्ध कराई गई है। जयनगर थाने से डीएसपी सदानंद कुमार व थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रमण कुमार के द्वारा इसकी शूरुआत करते हुए पुलिस पदाधिकारी जीता कुमारी, मनीषा कुमारी, नीतू कुमारी, मोनिका कुमारी, अमित कुमार, रौशन कुमार, नीतीश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी के सहयोग से क्षेत्र भ्रमण कराया। एसडीपीओ ने बताया कि सरकार की बेहतर नीति है। स्कूटियों के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी पुलिस दीदी क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर नजर रखेंगी।
पिंक स्कूटी मिलने से महिला पुलिसकर्मियों को बाजार, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों के साथ प्रमुख चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचने में आसानी होगी। महिला पुलिसकर्मी नियमित रूप से क्षेत्रों में गश्त करेंगी तथा महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाएंगी। उन्होनें कहा कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ छेड़खानी, पीछा करने और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को परेशान करने जैसी घटनाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्कूल एवं कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पिंक स्कूटी से गश्ती करायी जाएगी।
पिंक स्कूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी जरूरत पड़ने पर महिलाओं की शिकायत सुनेंगी और संबंधित थाना को इसकी जानकारी देकर कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगी। इससे महिलाओं को अपनी समस्याएं महिला पुलिस कर्मियों के समक्ष निर्भीक होकर अपनी बात रखेगी। पुलिस विभाग की इस पहल से अनुमंडल क्षेत्र में महिलाओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता से असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मधुबनी से पांडव की रिपोर्ट