मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम पंचायत के तुलापतगंज स्थित बद्रीनाथ महादेव मंदिर प्रांगण से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर कन्याओं द्वारा भव्य एवं आकर्षक कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश शोभायात्रा में 551 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे धार्मिक उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कलश शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे सनातन धर्म के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मी भी सक्रिय नजर आए। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति गीतों, जयकारों और धार्मिक वातावरण के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना दिया।
आयोजकों भरत महतो, देवेंद्र, प्रमोद कुशवाहा, शंकर पोद्दार, पप्पू मंडल ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कलश शोभायात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं महादेव के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट की। भव्य आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।पहली बार श्री मद भागवत कथा का आयोजन होने से लोगों में गजब का उत्साह है।
मधुबनी से पांडव की रिपोर्ट