बेमौसम बारिश और ठनका बना आफत, पोल्ट्री फार्म में लगी आग, 4000 मुर्गे जिंदा जले

बिहार इस समय मौसम की मार झेल रहा है। बिन मौसम हुई बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। तेज आंधी, तूफान और वज्रपात ने लोगों की जिंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 21, 2026, 4:33:00 PM

बिहार इस समय मौसम की मार झेल रहा है। बिन मौसम हुई बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। तेज आंधी, तूफान और वज्रपात ने लोगों की जिंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे दर्दनाक घटना मधेपुरा जिले से सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लग गई।

यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे सदर थाना क्षेत्र के सुखासन गांव की है। बताया जा रहा है कि वज्रपात के तुरंत बाद फार्म में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि अंदर बंद करीब 4000 छोटे-बड़े मुर्गे जिंदा जलकर खाक हो गए। फार्म में रखे तराजू, पंखे, फीडर और अन्य जरूरी उपकरण भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

स्थानीय मुखिया बौआ सिंह के अनुसार, वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के घर भी इससे अछूते नहीं रहे। कई घरों में लगे बिजली के उपकरण जैसे फ्रिज, पंखे, मोबाइल चार्जर और इनवर्टर जल गए। इसके साथ ही इलाके की बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पोल्ट्री फार्म के मालिक ने बताया कि उन्होंने 1-2 साल पहले ही समूह से लोन लेकर इस व्यवसाय की शुरुआत की थी। इस हादसे में उन्हें लगभग 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि अब उनके सामने दोबारा खड़े होने की बड़ी चुनौती है।

घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित किसान ने सरकार से मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं, लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। फसलें बर्बाद हो रही हैं और कई जगहों पर वज्रपात से लोगों की जान भी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की