किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत सुखानी थाना क्षेत्र के तातपौआ ग्राम पंचायत में कादोगांव हाट रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे पटरी के किनारे बनी दीवार के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण सुरंगनुमा स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था।
स्थानीय लोगों में आशंका थी कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। बताया गया कि बरसात के दौरान पानी के बहाव के कारण दीवार के नीचे की मिट्टी धीरे-धीरे बह गई, जिससे वहां खाली जगह बन गई।
फिलहाल एहतियात के तौर पर बोरियों में मिट्टी भरकर उक्त स्थान पर डाला गया है। वहां कार्यरत एक मजदूर ने बताया कि यह स्थिति पिछले कुछ महीनों से बनी हुई है और बारिश के कारण मिट्टी खिसकने से समस्या बढ़ी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे से जुड़े अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करने के बाद रेलवे सीनियर डीसीएम अनूप सिंह से 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को सुबह करीब 9:30 बजे बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि बरसात के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है और संबंधित मामले की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को प्राप्त हो चुकी है। समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा मरम्मत कार्य शुरू भी हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बहुत जल्द कार्य पूरा कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए उसका शीघ्र निष्पादन कराने के लिए तत्पर रहते हैं।
रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी मिलते ही संज्ञान लेकर कार्य शुरू कराया जाना सराहनीय कदम माना जा रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों की भी मांग है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए रेलवे पटरी एवं आसपास की संरचनाओं का समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव किया जाए।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट