रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कटिहार पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत किया है। गुरुवार को पुलिस केन्द्र, कटिहार परिसर में पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम को शशि कुमार, परिचारी प्रवर, कटिहार ने विधिवत हरी झंडी दिखाकर फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर उन्होंने टीम के सदस्यों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। परिचारी प्रवर ने पुलिस दीदी टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि टीम का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना, जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है। उन्होंने टीम को क्षेत्र में सक्रिय रहकर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
‘अभया ब्रिगेड’ के रूप में पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम अब क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाएगी। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी। कटिहार पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रक्षाबंधन जैसे भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक पर्व पर पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम को रवाना किया जाना महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की विशेष प्रतिबद्धता का संदेश देता है।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कटिहार पुलिस ने आमजनों से भी अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कटिहार से तौकिर की रिपोर्ट