जहानाबाद: अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं, CSC आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ

जहानाबाद के बुनियाद केंद्र में अब आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बुधवार को बुनियाद केंद्र परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) आधारित आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 15, 2026, 5:45:00 PM

जहानाबाद के बुनियाद केंद्र में अब आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बुधवार को बुनियाद केंद्र परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) आधारित आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों, चिकित्सकों और कर्मचारियों से बातचीत की तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। 

बुनियाद केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने फीता काटकर CSC आधार सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने केंद्र के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और वहां संचालित स्वास्थ्य, पुनर्वास एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं की जानकारी ली। 

इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों, कर्मचारियों और लाभार्थियों से बातचीत कर केंद्र की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि CSC आधार सेवा केंद्र शुरू होने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब आधार कार्ड बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सेवाओं के लिए लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ये सभी सुविधाएं अब बुनियाद केंद्र में ही उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी। 

निरीक्षण के दौरान डीएम ने फिजियोथेरेपी कक्ष में उपचार करा रहे मरीजों से भी मुलाकात की। मरीज मंटू कुमार ने बताया कि उन्होंने कई वर्षों तक विभिन्न स्थानों पर इलाज कराया, लेकिन बुनियाद केंद्र में नियमित फिजियोथेरेपी और विशेषज्ञों की देखरेख से उन्हें काफी लाभ मिला है। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।

इस अवसर पर CSC के असिस्टेंट मैनेजर कुमार राजीव रंजन ने बताया कि बिहार सरकार और CSC के संयुक्त प्रयास से राज्य के 101 अनुमंडल स्तरीय बुनियाद केंद्रों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने हैं। इस अभियान की शुरुआत जहानाबाद से की गई है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से आधार कार्ड बनवाने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने, फोटो बदलवाने, जन्मतिथि एवं अन्य त्रुटियों में सुधार जैसी सभी प्रमुख सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। 

बुनियाद केंद्र में CSC आधार सेवा केंद्र की शुरुआत से अब जहानाबाद के लोगों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुलभ और आसान तरीके से मिल सकेंगी। वहीं, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास सेवाओं का लाभ लेने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी एक ही परिसर में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट