सैनिक पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति

जिले में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमुई मुख्यालय स्थित महिसौड़ी के सैनिक पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जमुई : जिले में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमुई मुख्यालय स्थित महिसौड़ी के सैनिक पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नम आंखों से नमन करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के संस्थापक और प्राचार्या द्वारा पूजा-अर्चना कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन के बाद विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों ने भाषण, गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से अपने गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों के बाद पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान बच्चों में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिला। नाच-गान की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। आसपास के इलाकों के लोग भी विद्यालय में हो रहे इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाने पहुंचे और विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।

वहां मौजूद अभिभावकों का कहना था कि सैनिक पब्लिक स्कूल में न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है, बल्कि प्रत्येक त्योहार और विशेष अवसर पर बच्चों को उनके संस्कार और अपनी संस्कृति का ज्ञान भी दिया जाता है। अभिभावकों ने कहा कि यहां बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक ज्ञान और सांस्कृतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाता है, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है। अभिभावकों ने आगे कहा कि कई विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी जाती है, लेकिन सैनिक पब्लिक स्कूल में विद्या के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक ज्ञान भी दिया जाता है। इसलिए इस विद्यालय में हमारे बच्चे पढ़ते हैं तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जमुई से हेमंत की रिपोर्ट