गोपालगंज। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा का अधिकार दिलाने की दिशा में बिहार सरकार की पहल के तहत गुरुवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में नवसृजित राशन कार्ड का वितरण किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने 12 चयनित एवं पात्र लाभुकों को स्वयं राशन कार्ड सौंपे। नया राशन कार्ड हाथ में मिलते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष की मुस्कान देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवसृजित राशन कार्ड एवं उचित मूल्य की दुकानों की अनुज्ञप्ति वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था। इसी कार्यक्रम के तहत गोपालगंज जिले में भी चयनित लाभुकों के बीच राशन कार्ड वितरित किए गए।
इस अवसर पर डीएम समीर सौरभ ने लाभुकों को राशन कार्ड सौंपते हुए कहा कि वे जनवितरण प्रणाली के माध्यम से मिलने वाले निर्धारित खाद्यान्न एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं।
जिला प्रशासन की ओर से पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिलेगी तथा उनके जीवन में आर्थिक सहारा और सामाजिक सुरक्षा का एक नया रास्ता खुलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास सकारत्मक है लेकिन क्या इस राशन कार्ड बनवाने वाले बिचौलिए से जिला प्रशासन को शक्ति से पेश आना चाहिए ताकि लाभुकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े!
गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट