विजयीपुर/गोपालगंज। ग्रामीण परिवेश में रहकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई इबारत लिखने वाले विजयीपुर प्रखंड के विलरुआ गांव निवासी डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने जिले का नाम रोशन किया है। बिहार सरकार के गृह विभाग (कारा) के अंतर्गत कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय द्वारा संविदा आधारित सामान्य चिकित्सक के पद पर उनका चयन किया गया है। उन्हें पश्चिम चंपारण जिले के उपकारा बगहा में मेडिकल ऑफिसर (MO) के पद पर पदस्थापित किया गया है।
बिहार सरकार द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं, बिहार, पटना की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की अनुशंसा पर कुल 51 चिकित्सकों को संविदा आधारित सामान्य चिकित्सक के पद पर नियोजित किया गया है। इस चयन सूची में गोपालगंज जिले से डॉ. प्रमोद कुमार यादव एकमात्र चयनित चिकित्सक बताए जा रहे हैं।
उनके चयन की खबर जैसे ही विलरुआ गांव पहुंची, परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और ग्रामीणों ने फोन पर बधाइयां देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने इसे न केवल परिवार की उपलब्धि, बल्कि पूरे विजयीपुर प्रखंड और गोपालगंज जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
बिना कोचिंग NEET पास कर PMCH से पूरी की MBBS की पढ़ाई
डॉ. प्रमोद कुमार यादव शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और प्रतिभाशाली रहे हैं। ग्रामीण परिवेश में रहकर उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता के अपनी मेहनत और स्वाध्याय के बल पर NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH), पटना से MBBS की पढ़ाई पूरी की।
चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH), दरभंगा में जूनियर रेजिडेंट के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद LBKM College of Medical Sciences, सहरसा में ट्यूटर के रूप में भी कार्य किया। अब बिहार सरकार के कारा विभाग में मेडिकल ऑफिसर के रूप में उनका चयन उनकी मेहनत और चिकित्सा क्षेत्र में हासिल अनुभव की एक नई उपलब्धि है।
ग्रामीण प्रतिभा के लिए बने प्रेरणा
डॉ. प्रमोद कुमार यादव की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लगन के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
उनकी इस सफलता से विलरुआ गांव सहित पूरे विजयीपुर क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि डॉ. प्रमोद कुमार यादव अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करते हुए चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे।
विजयीपुर/गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट