गैस रिफिलिंग की दुकान पर पुलिस की छापेमारी, पांच घरेलू सिलेंडर जब्त

विजयीपुर थाना क्षेत्र के मुसेहरी बाजार में गैस रिफिलिंग की एक दुकान पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन भरे हुए और दो खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मौके से गैस रिफिलिंग पाइप भी बरामद किया गया है।

विजयीपुर (गोपालगंज) : विजयीपुर थाना क्षेत्र के मुसेहरी बाजार में गैस रिफिलिंग की एक दुकान पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन भरे हुए और दो खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मौके से गैस रिफिलिंग पाइप भी बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस दुकान संचालक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। इस घटना के बाद बाजार में चर्चा का माहौल है। विजयीपुर पुलिस ने इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार और विजयीपुर थाने के एसआई दिलीप तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान दुकान में रखे पांच घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप को जब्त किया गया।

अवैध गैस रिफिलिंग और सिलेंडर के भंडारण की सूचना पर कार्रवाई की चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान संचालक कथित तौर पर होम डिलीवरी करने वाले वाहनों के माध्यम से अन्य लोगों के गैस सिलेंडर मंगवाकर दुकान में रखता था। इसके बाद संबंधित उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार वहां से सिलेंडर ले जाते थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को दुकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने और घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी किए जाने की बात सामने आ रही है।

पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल, पुलिस ने सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप जब्त कर दुकानदार को पूछताछ के लिए थाने ले गई है। हालांकि, छापेमारी के वास्तविक कारण, बरामद सामान के संबंध में आगे की कार्रवाई और दुकानदार नागेंद्र प्रसाद की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले की पूरी स्थिति पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट