लखरांव बाग के पास झाड़ी से मिला युवक का शव, गला रेत कर हत्या की आशंका

गोपालगंज: भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत लखरांव बाग से तिवारी चकिया जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों से मंगलवार की शाम एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के गले पर धारदार हथियार (चाकू) से हमले के गहरे निशान मिले हैं.

गोपालगंज: भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत लखरांव बाग से तिवारी चकिया जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों से मंगलवार की शाम एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के गले पर धारदार हथियार (चाकू) से हमले के गहरे निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गला रेत कर उसकी हत्या की गई है. मृतक की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के छाप गांव निवासी रामपुकार भगत के रूप में की गई है.

पत्नी से विवाद के बाद निकला था घर से

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सोमवार को रामपुकार का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया. उसका ससुराल मीरगंज थाना क्षेत्र के ही रानी सरीसवां गांव में है, इसलिए परिजनों को लगा कि वह ससुराल गया होगा. हालांकि, सोमवार की रात करीब 11 बजे रामपुकार ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वह भोरे के लखरांव में है.

खोजबीन के दौरान सड़क किनारे मिला शव

रात में फोन आने के बाद परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हो गए. मंगलवार की सुबह वे लखरांव पहुंचे और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद मंगलवार की शाम तिवारी चकिया जाने वाले मार्ग के किनारे झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला.

शराब की बोतलें और गिलास बरामद, साजिश की आशंका

घटनास्थल पर शव के पास से एक बोतल अंग्रेजी शराब, एक बोतल देसी शराब, पीने के गिलास और पानी की बोतलें बरामद की गई हैं. इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या से पहले वहां शराब पार्टी हुई थी या साजिश के तहत उसे बुलाकर घटना को अंजाम दिया गया.

परिवार में कोहराम, मासूम के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अपने पीछे पांच साल के मासूम बेटे और पत्नी को छोड़ गया है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भोरे थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने के प्रयास में जुट गई है.

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट