गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत नटवा और कपुरी गांव में आयोजित महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने और अश्लील गाने बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 डीजे लदे वाहनों और साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया है। मामले में डीजे संचालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
अश्लील गाने को लेकर भड़की हिंसा, जमकर चले बांस-फट्टे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 5 अक्टूबर को नटवा स्कूल के समीप महावीरी जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान डीजे पर तेज आवाज में अश्लील गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व बांस-फट्टों से मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कराई।
नियमों का उल्लंघन: 6 पिकअप पर लदे डीजे व साउंड सिस्टम जब्त
प्रशासन द्वारा जुलूस के लिए दी गई अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करने, अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने, अश्लील गाने चलाने और नर्तकियों से डांस कराने के गंभीर आरोप पाए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी डीजे संचालक धूमन यादव क़े पुत्र ब्रजेश यादव से जुड़े 6 पिकअप वाहनों को चिह्नित कर उन्हें जब्त कर लिया। इन वाहनों पर भारी मात्रा में लोड डीजे मशीनें, बेस, टॉप, ट्वीटर, लेजर लाइट, सार्की लाइट और अन्य साउंड उपकरण लदे थे, जिन्हें कटेया थाना परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।
100 अज्ञात पर FIR, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी डीजे संचालक ब्रजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। जबकि डीजे संचालक और लगभग 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट