फुलवरिया/गोपालगंज: लोक आस्था का महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को फुलवरिया प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान बैरागी टोला, बथुआ बाजार, लाढ़पुर, फुलवरिया और माड़ीपुर सहित विभिन्न गांवों के छठ घाटों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव, अंचल पदाधिकारी बीरबल वरुण कुमार, फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही तालाबों में पानी के जलस्तर की भी जांच की। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, व्रतियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का भी अवलोकन किया।
अधिकारियों ने घाटों पर प्रतिनियुक्त कर्मियों को साफ-सफाई दुरुस्त रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित पूर्व प्रखंड प्रमुख दिनेश साहू,स्थानीय, समाजसेवी डब्लू आलम के साथ-साथ मुखिया रामचंद्र राम, दिलीप बैठा सहित अन्य को पर्व के दौरान सहयोग की अपील की।
पदाधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया।
फुलवरिया/गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट