आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों के साथ की समीक्षा बैठक, संदिग्ध राशनकार्ड धारियों को लेकर निर्देश

/गोपालगंज: सोमवार को प्रखंड सभागार में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीनिवास शर्मा ने जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें संदिग्ध राशन कार्डधारियों की सूची पर चर्चा करते हुए सभी डीलरों को अंतिम सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।

फुलवरिया/गोपालगंज: सोमवार को प्रखंड सभागार में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीनिवास शर्मा ने जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें संदिग्ध राशन कार्डधारियों की सूची पर चर्चा करते हुए सभी डीलरों को अंतिम सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। फुलवरिया प्रखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन उठाव करने वाले 1171 संदिग्ध राशन कार्डधारियों के नामों का सत्यापन किया जाएगा।

सत्यापन के बाद अपात्र पाए जाने वाले कार्डधारियों के नाम राशन कार्ड की सूची से हटाए जाएंगे। इसको लेकर बैठक में बताया गया कि प्रखंड की सभी 12 पंचायतों में नए और पुराने मिलाकर कुल 1171 राशन कार्डधारी संदिग्ध सूची में शामिल हैं। इनमें सरकारी अथवा गैर सरकारी स्तर पर कार्यरत लोग, मृत राशन कार्डधारी और लंबे समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभुक शामिल हैं। ऐसे कार्डधारियों की पात्रता को लेकर विभाग की ओर से सत्यापन कराया जा रहा है।

सत्यापन के बाद हटेंगे अपात्रों के नाम...

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीनिवास शर्मा ने डीलरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सूचीबद्ध सभी संदिग्ध राशन कार्डधारियों की स्थिति की जांच कर अंतिम रिपोर्ट विभाग को सौंपें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन के दौरान वास्तविक स्थिति का पता लगाना जरूरी है, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिलता रहे।

 फुलवरिया/गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट