'संविधान के सम्मान' और 'नशामुक्त बिहार' के संकल्प के साथ निकली प्रभात फेरी

भारतीय संविधान दिवस एवं नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर आज जिले में जागरूकता एवं जनभागीदारी का संदेश देने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी मिंज स्टेडियम से प्रारंभ होकर आंबेडकर चौक तक निकाली गई।

गोपालगंज : भारतीय संविधान दिवस एवं नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर आज जिले में जागरूकता एवं जनभागीदारी का संदेश देने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी मिंज स्टेडियम से प्रारंभ होकर आंबेडकर चौक तक निकाली गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसके माध्यम से संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। साथ ही, नशामुक्त बिहार के निर्माण का संकल्प लेते हुए सभी प्रतिभागियों ने नशा सेवन से दूर रहने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। प्रभात फेरी के माध्यम से आमजन को संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। 

नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने व परिवार और समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया

वहीं, नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने व परिवार और समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी  अमरेंद्र कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान)  शिवम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

गोपालगंज से कुमार मंजेश की रिपोर्ट