राज्य के सारण जिले से खबर है। यहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले के एकमा नगर पंचायत कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। ध्वजारोहण के समय तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया, जिसमें हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे नजर आया। घटना की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि ध्वजारोहण के दौरान तिरंगे की स्थिति पर कर्मचारियों का ध्यान नहीं गया। कुछ देर तक राष्ट्रीय ध्वज उल्टी स्थिति में ही फहराता रहा। स्थानीय लोगों ने इसकी तस्वीर और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
तस्वीर वायरल होने और लोगों के सवाल उठाने के बाद नगर पंचायत कर्मियों ने तत्काल तिरंगे को नीचे उतारा। इसके बाद झंडे को सही तरीके से, केसरिया रंग ऊपर रखते हुए दोबारा फहराया गया। हालांकि, तब तक लापरवाही की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थीं।
राष्ट्रीय पर्व के दिन हुई इस चूक को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने जैसे संवेदनशील अवसर पर ऐसी लापरवाही गंभीर मामला है।