मौसम ने बदला मिजाज, झमाझाम बारिश से मिली राहत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 23, 2026, 4:42:00 PM

भागलपुर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से लेकर दोपहर करीब तीन बजे तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था। तापमान लगातार बढ़ रहा था और गर्म हवाओं के कारण सड़कें भी दोपहर के समय लगभग सुनसान दिख रही थीं। लेकिन तीन बजे के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और देखते ही देखते आसमान में काले बादल छा गए।

कुछ ही देर में जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई। आंधी की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया। तेज हवा के कारण कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। धूल के गुबार से कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित हुई। सड़कों पर चल रहे लोग और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए। कई दुकानदारों ने भी एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

आंधी के बाद जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। पहले हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन कुछ ही देर में तेज बारिश होने लगी। बारिश शुरू होते ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। वहीं, बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बनी। मौसम में आए इस अचानक बदलाव का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई, जबकि खेतों में काम कर रहे किसान जल्दबाजी में घर लौटते दिखाई दिए। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित होने की सूचना मिली है।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आशीष सिंह ने बताया कि दिनभर की तेज गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता पैदा हो गई थी। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण धूल भरी आंधी तथा बारिश की स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि प्री-मानसून गतिविधियों के तहत इस तरह के मौसम परिवर्तन सामान्य हैं। आने वाले दिनों में भी जिले में बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश होने तथा तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है। बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद माना जा रहा है।

भागलपुर से अमरजीत की रिपोर्ट